रिपोर्ट - नितेश पटेल, सलूम्बर
उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। परसाद थाना क्षेत्र में दरबार होटल के समीप चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक और यात्रियों की सूझबूझ से सभी सवारियों को समय रहते नीचे उतार लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार स्लीपर बस उदयपुर से अहमदाबाद की ओर जा रही थी। इसी दौरान परसाद थाना क्षेत्र में दरबार होटल के पास बस से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी।
बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक और परिचालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोककर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। यात्रियों ने भी घबराहट के बीच सूझबूझ दिखाते हुए जल्दी-जल्दी बस से नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही जावर माइंस की रेस्क्यू टीम फायर ब्रिगेड लेकर मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम के दिनेश पटेल, कांति लाल रावल, शंकर मीणा एवं शिवराम मीणा ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर राख हो गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।
सूचना पर परसाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
