सोशल मीडिया पर बाइक से स्टंट पड़ा भारी! झाड़ोल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वीडियो वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार
Total Views : 364
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

इंस्टाग्राम पर सड़क पर बाइक से स्टंट करने का वीडियो डालना पड़ा महंगा, तकनीकी जांच से पुलिस ने आरोपी को दबोचा; 25 वर्षीय रमेश लूर के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई

झाड़ोल। सोशल मीडिया पर बाइक से स्टंट कर उसका वीडियो वायरल करना अब युवाओं के लिए भारी पड़ सकता है। झाड़ोल थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर बाइक से सड़क पर स्टंट करने का वीडियो अपलोड करने वाले युवक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस की यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाने वालों के लिए स्पष्ट चेतावनी मानी जा रही है।

थानाधिकारी करनाराम के अनुसार कमांड कंट्रोल से सूचना मिली कि झाड़ोल थाना क्षेत्र में चल रही एक इंस्टाग्राम आईडी पर बाइक से सड़क पर स्टंट करने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक बाइक से सड़क पर स्टंट करता हुआ नजर आ रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को संबंधित व्यक्ति की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

तकनीकी जांच में खुली युवक की पहचान

झाड़ोल थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता एवं आसूचना के आधार पर इंस्टाग्राम आईडी @ronak___rider की जांच की। जांच में पता चला कि यह आईडी रमेश पुत्र कन्हैयालाल, जाति लूर, उम्र 25 वर्ष, निवासी डाला फला कोचला, की है।

पुलिस टीम ने जांच आगे बढ़ाते हुए पाया कि बाइक से स्टंट वाला वीडियो स्वयं रमेश द्वारा अपलोड किया गया था। पूछताछ में रमेश ने भी वीडियो अपने द्वारा पहले अपलोड किया जाना स्वीकार किया। बाद में बाइक स्टंट वाला वीडियो हटवा दिया गया।

BNS की धाराओं में कार्रवाई

पुलिस ने रमेश पुत्र कन्हैयालाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी डाला फला कोचला के खिलाफ इस्तगासा नंबर 442/2026 में धारा 126 एवं 170 बीएनएसएस 2023 के तहत मंगलवार को गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्रवाई की।

पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता या लाइक-कमेंट के चक्कर में सड़क पर खतरनाक स्टंट करना कानून के दायरे में कार्रवाई का कारण बन सकता है।

एसपी के निर्देश पर कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थाना झाड़ोल पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

यह रही कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

करनाराम, थानाधिकारी, पुलिस थाना झाड़ोल

सुभाष चन्द्र, कांस्टेबल नंबर 3124 — मुख्य भूमिका

उमेश, चालक कांस्टेबल नंबर 2596

विश्वराज सिंह, कांस्टेबल नंबर 237, पुलिस नियंत्रण कक्ष उदयपुर

पुलिस की कार्रवाई ने सोशल मीडिया पर बाइक स्टंट करने वालों को सख्त संदेश दिया है कि सड़क कोई स्टंट मैदान नहीं है। वायरल होने की चाह में किया गया खतरनाक प्रदर्शन अब सीधे पुलिस कार्रवाई की वजह बन सकता है।