पूज्य बाबा साहब की 135वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, झाड़ोल में भव्य आयोजन—समाज को एकजुट रहने का संदेश
Total Views : 376
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल

झाड़ोल | भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मेघवाल सेवा संस्थान द्वारा पूजा नगर स्थित सामुदायिक भवन में भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झाड़ोल के उपखंड अधिकारी कपिल कुमार कोठारी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में तहसीलदार सीताराम बोलीवाल, पंचायत समिति की निवर्तमान प्रधान राधा देवी परमार, प्रशासक आशा देवी वडेरा सहित कई गणमान्य जन मौजूद रहे। समाजसेवी बंशीलाल वडेरा एवं सुनील कुमार भजात की सक्रिय भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मेघवाल सेवा संस्थान के अध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल ने की। इस अवसर पर संस्थान के संरक्षक पूनमचंद मेघवाल, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल मेघवाल, दयाराम मेघवाल, गोपाल कृष्ण मेघवाल एवं कुराबड़ के तहसीलदार जीवनराम मेघवाल सहित अनेक वक्ताओं ने बाबा साहब के संघर्षमय जीवन, उनके विचारों और सामाजिक समरसता के लिए किए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब ने समाज को शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त और समरस समाज का निर्माण संभव है। सभी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात करें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अपनी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम का कुशल संचालन पूर्व शिक्षा अधिकारी प्रभुलाल मेघवाल ने किया। पूरे आयोजन के दौरान बाबा साहब के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा और अंत में सभी ने उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।