एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से किया शुभारंभ, जल्द 17 और ई-बसें होंगी शामिल
उदयपुर। शहरवासियों को मंगलवार को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सौगात मिली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से उदयपुर में इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया। पहले चरण में 33 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया है। आगामी दिनों में 17 और बसें शामिल होने के बाद शहर में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें संचालित होंगी।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने ई-बसों में सफर कर नई परिवहन सुविधा का अनुभव लिया। कार्यक्रम से पहले संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक प्रज्ञा केवलरमानी ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वातानुकूलित बसों में आधुनिक सुविधाएं
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि ई-बसें पूरी तरह वातानुकूलित हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए इनमें CCTV कैमरे, इमरजेंसी पैनिक बटन, दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर सुविधा, एयर सस्पेंशन और उन्नत बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
ई-बसों का संचालन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा। वहीं एयरपोर्ट सेवा का संचालन उड़ानों के समय के अनुरूप किया जाएगा।
इन मार्गों पर चलेगी ई-बस सेवा
ई-बसों का संचालन चेतक बस स्टैंड से कानपुर, सुखाड़िया सर्किल से डबोक एयरपोर्ट, बलीचा से अंबेरी, बड़गांव से बलीचा, आईआईएम उदयपुर से भुवाणा, एकलिंगपुरा से रामपुरा चौराहा, प्रतापनगर चौराहा से बड़ी, तितरड़ी से भुवाणा, तितरड़ी से प्रतापनगर चौराहा और तितरड़ी से लोयरा सहित प्रमुख मार्गों पर प्रस्तावित है।
30 किलोमीटर तक ₹60, एयरपोर्ट का किराया ₹100
ई-बस सेवा में दूरी के अनुसार किराया निर्धारित किया गया है। 0 से 3 किलोमीटर तक ₹10, 3 से 5 किलोमीटर ₹15, 5 से 10 किलोमीटर ₹20, 10 से 15 किलोमीटर ₹30, 15 से 20 किलोमीटर ₹40, 20 से 25 किलोमीटर ₹50 तथा 25 से 30 किलोमीटर तक ₹60 किराया प्रस्तावित है। डबोक एयरपोर्ट सेवा के लिए प्रति यात्री ₹100 किराया निर्धारित किया गया है।
45 बसें 9 मीटर और 5 बसें 12 मीटर की
उदयपुर के लिए कुल 50 ई-बसें स्वीकृत हैं। इनमें 45 बसें 9 मीटर श्रेणी की तथा 5 बसें 12 मीटर श्रेणी की हैं। 12 मीटर की बसों को एयरपोर्ट मार्ग पर संचालित किया जाना प्रस्तावित है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया सफर
उद्घाटन के बाद ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक प्रज्ञा केवलरमानी, निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, उपायुक्त हरिसिंह देवल, निवर्तमान उपमहापौर पारस सिंघवी, यूडीए अधीक्षण अभियंता संजीव शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ई-बस से नगर निगम से उदयपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय तक सफर किया।
उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने ई-बस सेवा को शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे शहरवासियों के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों को भी सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।
ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि ई-बस सेवा से गरीब, मजदूर और श्रमिक वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा।
ई-बसों के संचालन से उदयपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ प्रदूषण कम करने और शहर को स्वच्छ एवं हरित बनाने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
