रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
झाड़ोल पुलिस ने उदयपुर से दबोचा स्थाई वारंटी सोहनसिंह उर्फ सोनू, न्यायालय में किया पेश
झाड़ोल। चोरी के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को झाड़ोल थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी सोहनसिंह उर्फ सोनू पुत्र रामसिंह, जाति राजपूत, उम्र 32 वर्ष, निवासी मालपुर को उदयपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ वरिष्ठ सिविल एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट झाड़ोल के न्यायालय में प्रकरण संख्या 224/2015 सरकार बनाम सोहनसिंह में चोरी का मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ न्यायालय से स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी था और वह लंबे समय से पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रहा था। वर्तमान में आरोपी उदयपुर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने लगातार सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी की तलाश की और तकनीकी सहयोग से उसके ठिकाने तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चला अभियान
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन उदयपुर के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत बिश्नोई, खेरवाड़ा तथा वृत्ताधिकारी विवेकसिंह, वृत्त झाड़ोल के निर्देशन में झाड़ोल थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाधिकारी करना राम के नेतृत्व में गठित टीम ने आसूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद स्थाई वारंटी सोहनसिंह उर्फ सोनू को उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार वारंटी
सोहनसिंह उर्फ सोनू पुत्र रामसिंह, जाति राजपूत, उम्र 32 वर्ष, पेशा मजदूरी, निवासी मालपुर। आरोपी चोरी के मामले में वांछित था।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में करना राम थानाधिकारी, ओमप्रकाश कांस्टेबल नंबर 1173 तथा बालकृष्ण कांस्टेबल नंबर 3196 की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने सूचना तंत्र और तकनीकी सहयोग के जरिए आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने स्थाई वारंटी को न्यायालय में पेश किया। झाड़ोल पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
