रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
गंगाजल लेकर शिवभक्त निकलेंगे आस्था के पथ पर, कमलनाथ महादेव का होगा जलाभिषेक; 13वीं कावड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह
झाड़ोल। सावन मास की पावन बेला में धर्म और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। आमजड़ महादेव सेवा समिति एवं शिव मित्र मंडल झाड़ोल के तत्वावधान में बुधवार को 13वीं भव्य कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर क्षेत्र के शिवभक्तों में खासा उत्साह है। आमजड़ महादेव से शुरू होने वाली यह कावड़ यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कमलनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां कावड़ियों द्वारा गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
प्रातः 9 बजे आमजड़ महादेव मंदिर से यात्रा का शुभारंभ होगा। कावड़ यात्रा में शामिल होने वाले भक्तों के लिए कावड़ की व्यवस्था शिव मित्र मंडल द्वारा की जाएगी। आयोजकों ने सभी कावड़ यात्रियों से बुधवार को सुबह 8 बजे तक आमजड़ महादेव मंदिर पहुंचने का आह्वान किया है। यात्रा पूर्ण होने के बाद कावड़ पुनः शिव मित्र मंडल को सुपुर्द करनी होगी।
इन मार्गों से होकर गुजरेगी कावड़ यात्रा
आमजड़ महादेव से रवाना होने के बाद कावड़ यात्रा सती चौराहा, बस स्टैंड, बडलेवाली स्कूल, कोर्ट चौराहा, मामा-भाणेज घाटी होते हुए आगे बढ़ेगी। इसके बाद यात्रा खाखड़, मगवास, दमाणा, सांवलियाजी मंदिर और शनि महाराज मंदिर होते हुए कमलनाथ महादेव की ओर जाएगी।
गंगाजल से होगा कमलनाथ महादेव का जलाभिषेक
कावड़ यात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान कमलनाथ महादेव का गंगाजल से जलाभिषेक रहेगा। शिवभक्त यात्रा के दौरान पवित्र गंगाजल लेकर चलेंगे और कमलनाथ महादेव पहुंचकर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। सावन के इस पावन अवसर पर होने वाला यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।
आज भजन संध्या, कल कावड़ यात्रा
कावड़ यात्रा से एक दिन पूर्व आज मंगलवार को आमजड़ महादेव मंदिर पर भजन संध्या का आयोजन रखा गया है। आयोजकों ने अधिक से अधिक भक्तजनों से भजन संध्या में पहुंचकर प्रभु नाम का कीर्तन एवं भक्ति का आनंद लेने का आह्वान किया है।
कावड़ यात्रियों और भक्तों के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था
आयोजकों की ओर से कावड़ यात्रियों एवं भक्तजनों के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था श्री शनि देव मंदिर, कमलनाथ में की गई है। इससे यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
धर्म, आस्था और शिवभक्ति से सराबोर यह 13वीं कावड़ यात्रा क्षेत्र में श्रद्धा का नया रंग बिखेरेगी। सावन के पावन पर्व पर हर-हर महादेव के जयघोष के बीच शिवभक्त आमजड़ महादेव से कमलनाथ महादेव तक आस्था की कावड़ लेकर पहुंचेंगे और भगवान भोलेनाथ के चरणों में गंगाजल अर्पित करेंगे।
