रिपोर्ट - पवन लौहार
कोल्यारी। लोकदेवता बाबा रामदेवजी के जन्मोत्सव भादवा सुदी बीज के पावन अवसर पर रविवार को कोल्यारी कस्बा भक्तिरस में डूब गया। मेघवाल समाज की ओर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। चारों ओर बाबा रामदेवजी के जयकारों से पूरा कस्बा गूंज उठा और माहौल पूरी तरह धर्ममय नजर आया।
दोपहर करीब 1 बजे बाबा रामदेवजी मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा लक्ष्मी नारायण मंदिर, पटवार मंडल और बस स्टैंड सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः बाबा रामदेवजी मंदिर पहुंची। रास्तेभर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर बाबा के भक्तों का अभिनंदन किया गया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे की भक्तिमय धुनों पर युवा, महिलाएं और बच्चे झूमते-नाचते नजर आए। बाबा रामदेवजी के भजनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया तथा लगातार ‘जय बाबा री’ के जयकारे लगाए। रंग-बिरंगे परिधानों और धार्मिक ध्वजों से सजी शोभायात्रा ने कस्बे में भक्ति और उत्साह का अनूठा रंग भर दिया।
शोभायात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद बाबा रामदेवजी की विधिवत महाआरती की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। शाम को आयोजित भजन संध्या में स्थानीय कलाकारों ने बाबा रामदेवजी के भजनों की प्रस्तुतियां देकर भक्तों को देर तक भक्तिरस में सराबोर रखा।
भादवी बीज पर कोल्यारी में निकली यह शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का जीवंत प्रतीक बनी।
यह जानकारी कोल्यारी मेघवाल समाजजनों ने दी।
