रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
झाड़ोल। सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर उदयपुर जिला पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले पावर बाइकर्स पर शिकंजा कसने के लिए बुधवार को सीओ सर्कल झाड़ोल के निर्देशन में विशेष संयुक्त पावर बाइक चेकिंग अभियान चलाया गया। एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत चलाए गए इस बड़े एक्शन में झाड़ोल, फलासिया, ओगणा और बाघपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने सड़क पर उतरकर पावर बाइकों की गहन जांच की। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 111 पावर बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई की गई।
झाड़ोल पुलिस का सबसे बड़ा एक्शन, 61 पावर बाइकर्स पर कार्रवाई
बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में झाड़ोल थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र में विशेष सख्ती दिखाई। पुलिस टीम ने तेज गति से वाहन चलाने, संशोधित साइलेंसर लगाने और बिना वैध दस्तावेजों के भारी एवं पावर बाइकों को दौड़ाने वालों की गहन चेकिंग की। इस दौरान झाड़ोल थाना क्षेत्र में 61 पावर बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले बाइकर्स में हड़कंप मच गया।
चार थानों की संयुक्त कार्रवाई, 111 बाइकर्स पर शिकंजा
एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत झाड़ोल सर्कल की संयुक्त पुलिस टीमों ने यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने और उपद्रवी तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष पावर बाइक जब्ती एवं चेकिंग अभियान चलाया। अभियान में तेज गति, संशोधित साइलेंसर और बिना वैध दस्तावेजों के चलने वाली भारी एवं पावर बाइकों की गहन जांच की गई। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 111 पावर बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों के विस्तृत पूछताछ नोट तैयार किए।
थाना झाड़ोल में 61 बाइक, थाना फलासिया में 26 बाइक, थाना ओगणा में 10 बाइक तथा थाना बाघपुरा में 14 बाइक के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस तरह चारों थानों की संयुक्त कार्रवाई में कुल 111 पावर बाइकर्स पुलिस के शिकंजे में आए।
एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश, वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चला अभियान
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पावर बाइकर्स के विरुद्ध विशेष कार्रवाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभय कमांड तथा वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में संयुक्त टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
अभियान में झाड़ोल थाना प्रभारी बुधाराम विश्नोई, ओगणा थाना प्रभारी रामरूप मीणा, फलासिया थाना प्रभारी वेलाराम तथा बाघपुरा थाना प्रभारी गोपालसिंह मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सक्रियता से भाग लिया।
पुलिस की वाहन चालकों से अपील, नियमों का पालन करें
पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और वाहनों में गैरकानूनी बदलाव न करवाएं। सड़क सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
