रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
झाड़ोल। झाड़ोल ब्लॉक के श्री महावीर विद्यापीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय, बाघपुरा के खेल मैदान में रविवार को खेल प्रतिभाओं का उत्साह और जोश देखने को मिला। यहां 70वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय बालक-बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर से पहुंचीं टीमों के 486 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के आगाज के साथ ही विद्यालय परिसर खेलमय माहौल और खिलाड़ियों के उत्साह से गूंज उठा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बाघपुरा के प्रधानाचार्य डॉ. बाल गोपाल शर्मा की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी झाड़ोल मनीष जोशी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि बाघपुरा थानाधिकारी गोपाल मीणा एवं सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन लाल डामोर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।
श्री महावीर विद्यापीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय बाघपुरा के संस्था प्रधान पृथ्वीराज ने अतिथियों का माल्यार्पण एवं उपरना पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन और खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
मुख्य निर्णायक नरेश पूर्बिया एवं लीलाधर नागदा ने बताया कि प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की कुल 26 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के रहने एवं भोजन की व्यवस्थाओं को लेकर रमेश तेली ने जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उद्घाटन मुकाबला राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नैनबारा बनाम राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नयागांव (खाखड़) के बीच अतिथियों की मौजूदगी में शुरू हुआ। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों में जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया। मैदान पर खिलाड़ियों की फुर्ती, पासिंग, डिफेंस और गोल करने की कोशिशों ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक भगत सिंह झाला ने उपस्थित खिलाड़ियों, शारीरिक शिक्षकों एवं टीम प्रभारियों को 70वीं जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं एवं आयोजन से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, खेल भावना और आपसी सम्मान के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षक, निर्णायक मंडल एवं विभिन्न टीमों के प्रभारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक दिनेश जोशी ने किया। बाघपुरा में शुरू हुई इस प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के युवा खिलाड़ियों को जिला स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।
