राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित
Total Views : 212
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क

41 जिला परिषद, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों में चुनाव की तैयारी

जयपुर, 3 अक्टूबर। राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। आयोग ने संविधान के अनुच्छेद 243K एवं राजस्थान पंचायतीराज अधिनियम, 1994 के तहत चुनाव प्रक्रिया को लेकर विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। 

आयोग के अनुसार वर्ष 2020-21 में कोविड-19 एवं परिसीमन के कारण पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव अलग-अलग चरणों में कराए गए थे। अब प्रदेश में जिलों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। वर्ष 2025-26 में परिसीमन, पुनर्गठन, नवसृजन और वार्डों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में 41 जिला परिषदों में 1,403 निर्वाचन क्षेत्र/वार्ड, 457 पंचायत समितियों में 8,245 निर्वाचन क्षेत्र/वार्ड तथा 14,403 ग्राम पंचायतों में 1,30,589 वार्ड अस्तित्व में आए हैं। 

चार चरणों में होंगे चुनाव

राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव चार चरणों में कराने का निर्णय लिया है। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव क्रमशः 22 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर 2026 को होंगे। वहीं पंच एवं सरपंच के चुनाव क्रमशः 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 6 नवंबर और 16 नवंबर 2026 को कराए जाएंगे। 

पंच-सरपंच चुनाव कार्यक्रम

पंच एवं सरपंच चुनाव के लिए पहले चरण की अधिसूचना 24 अक्टूबर, दूसरे चरण की 30 अक्टूबर, तीसरे चरण की 5 नवंबर और चौथे चरण की 15 नवंबर 2026 को जारी होगी। मतदान संबंधित तिथियों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। 

जिला प्रमुख, प्रधान के चुनाव बाद में

जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों के बाद जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान एवं उप प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया भी तय की गई है। दस्तावेज के अनुसार जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख का 26 नवंबर, प्रधान का 27 नवंबर और उप प्रधान का चुनाव 28 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। 

मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण जानकारी

आयोग ने बताया कि पंचायतीराज चुनावों से संबंधित मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 1 अक्टूबर 2026 को किया जा चुका है। आयोग द्वारा जारी विवरण के अनुसार पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों में लगभग 4.03 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 

राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव को लेकर संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। चुनाव कार्यक्रम और चरणवार विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई गई है। 

खास बात: उदयपुर सहित कुछ जिलों में चुनाव तीन चरणों में कराए जाएंगे, जबकि जयपुर में चार चरण निर्धारित किए गए हैं। शेष जिलों में चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे।