एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क
वर्ष 2047 तक आदर्श व विकसित ग्राम बनाने का लिया संकल्प
फलासिया। पंचायत समिति फलासिया की ग्राम पंचायत आमीवाड़ा में मुख्यमंत्री विकसित संकल्प ग्राम अभियान के अंतर्गत ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में वर्ष 2047 तक गांव को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्राम सभा में क्लस्टर प्रभारी रमेश टेलर (सांख्यिकी अधिकारी, फलासिया) ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री विकसित संकल्प ग्राम अभियान के माध्यम से वर्ष 2047 तक गांवों को आधारभूत सुविधाओं से युक्त, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए विकास कार्यों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गांव के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक प्रस्तावों और योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान गांव में पेयजल व्यवस्था, सड़क विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कृषि उन्नयन तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
ग्राम सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि गांव के विकास के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों ने मिलकर गांव को स्वच्छ, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, पंचायत स्तरीय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
