दिनदहाड़े आगजनी: घर के साथ 4 मवेशी जले, परिवार बाल-बाल बचा,महिलाओं-बच्चों ने भागकर बचाई जान पुरानी रंजिश में घर को लगाई आग
Total Views : 108
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट: ओगणा न्यूज़ नेटवर्क

झाड़ोल उपखंड के ओगणा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक घर को आग के हवाले कर दिया गया। इस भयावह आगजनी में घर में रखा अनाज, नकदी और जेवर जलकर खाक हो गए, वहीं बाड़े में बंधे 4 मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे अजयपुरा निवासी मोहनलाल पुत्र नाथूलाल डूंगरी और मुकेश पुत्र लाला खेर के बीच चल रहे पुराने विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। कुछ दिन पहले दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी। इसी रंजिश को लेकर आरोपी मोहनलाल ने कथित तौर पर मुकेश के घर पहुंचकर आग लगा दी।

घटना के समय घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। आग की लपटें उठते ही उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र होने और समय पर पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका।

आग की चपेट में आकर पूरा घर जलकर राख हो गया। घर में रखा अनाज, नकदी और जेवर भी स्वाहा हो गए, वहीं बाड़े में बंधे मवेशी जिंदा जल गए।

घटना की सूचना मिलते ही ओगणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पीड़ित मुकेश पुत्र लाला खेर ने आरोपी मोहनलाल के खिलाफ आगजनी का मामला दर्ज करवाया है।

 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।