​ओगणा हाउस परिवार द्वारा विश्व शांति हेतु 'वैदिक महायज्ञ' का आयोजन, प्राणी मात्र के कल्याण की कामना
Total Views : 71
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल

​उदयपुर। शहर के सेक्टर 9 स्थित संस्थान परिसर में ओगणा हाउस परिवार की ओर से विश्व शांति और मानवता के कल्याण के लिए भव्य यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन किया गया। वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं।

​वैदिक मंत्रोच्चारण से गुंजायमान हुआ परिसर

​आर्य समाज हिरण मगरी के पुरोहित डॉ. भूपेंद्र शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ संपन्न करवाया। इस दौरान उन्होंने ईश्वर से प्राणी मात्र के कल्याण, सुख-समृद्धि और वैश्विक शांति की प्रार्थना की। डॉ. शर्मा ने यज्ञ की महिमा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यज्ञ केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि देव पूजा, संगतिकरण और दान का संगम है।

​पर्यावरण शुद्धि और संस्कारों का संकल्प

​यज्ञ के आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ इसके वैज्ञानिक लाभों पर चर्चा करते हुए पुरोहित जी ने उपस्थित जनों को पर्यावरण शुद्धि, आरोग्यवर्धन और आने वाली पीढ़ी को संस्कारवान बनाने के लिए 'नित्य यज्ञ' करने का संकल्प दिलवाया। उन्होंने कहा कि यज्ञ से न केवल आत्मिक शांति मिलती है, बल्कि वातावरण भी दोषमुक्त होता है।

​ये रहे मुख्य यजमान

​यज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में नरेश पूर्बिया, डॉ. सचिन, राहुल और मधुबाला पूर्बिया ने सपरिवार आहुतियां दीं। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ, गगनभेदी जयघोष और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

​गणमान्य जनों की उपस्थिति

​इस मांगलिक अवसर पर लक्ष्मी चंद, सुरेश, अमृत लाल, मांगी लाल, निर्मल, इंदू बाला, ज्योति बाला, रुक्मण देवी, कमला देवी, ललीता, ऊषा और भावुक पूर्बिया सहित परिवार के अन्य सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।