उदयपुर के झाड़ोल स्थित मानसी वाकल बांध के खुले गेट, PHED अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ रखरखाव कार्य
Total Views : 48
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल

मानसून से पहले अलर्ट मोड पर प्रशासन, झाड़ोल के गोराणा मे मानसी वाकल बांध के गेटों का सफल परीक्षण


झाड़ोल, 22 मई। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए प्रशासन और PHED विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मानसून पूर्व सुरक्षा तैयारियों के तहत शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे झाड़ोल क्षेत्र के गोराणा गांव स्थित मानसी वाकल बांध पर डैम सेफ्टी मैनुअल के अनुसार गेटों का सफल परीक्षण किया गया।

परीक्षण के दौरान बांध के गेट क्रमांक 1, 2 और 3 को क्रमशः 50-50 मिलीमीटर तक खोला गया तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत दोबारा बंद किया गया। इस दौरान सभी गेट सुचारू रूप से कार्य करते पाए गए। विभागीय अधिकारियों ने परीक्षण को पूरी तरह सफल बताया।

जानकारी के अनुसार मानसी वाकल बांध का पूर्ण जलस्तर 581.20 मीटर निर्धारित है, जबकि गेट संचालन के समय जलस्तर 578.05 मीटर रिकॉर्ड किया गया। विभाग ने बताया कि मानसून के दौरान किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए बांध की सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

परीक्षण के दौरान PHED विभाग की अधिशासी अभियंता सृष्टि मेनारिया, सहायक अभियंता राज सिंह, कनिष्ठ अभियंता यतीन्द्र डांगर, सिक्योर मीटर से रमेश कुमावत एवं शालीन भटनागर, गेट ऑपरेटर सोहनलाल पालीवाल सहित विभागीय अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी और अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि डैम सेफ्टी मैनुअल के तहत मानसून पूर्व बांध के गेटों, मशीनरी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं परीक्षण जारी रहेगा, ताकि बारिश के दौरान आवश्यकता पड़ने पर गेटों का सुरक्षित और त्वरित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।