रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू), झाड़ोल
विशाल योग शिविर में नारायण सिंह चावड़ा बने जिला प्रभारी, हरीश चौधरी को मिला जिला कोषाध्यक्ष का दायित्व
उदयपुर। देबारी स्थित आयुर नेचुरो हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर परिसर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मुख्य केंद्र प्रभारी एवं स्वामी रामदेव के शिष्य पूज्य स्वामी परमार्थ देव जी महाराज के सान्निध्य में एक दिवसीय विशाल योग शिविर, हवन एवं यज्ञ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में उदयपुर सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में योग साधकों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वामी परमार्थ देव जी महाराज ने कहा कि “हर घर योग, हर जन योग” के संकल्प के साथ उदयपुर को योगमय और रोगमुक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उदयपुर योग की नगरी के रूप में राजस्थान ही नहीं, पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
कार्यकर्ताओं की विशेष बैठक में संगठन विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में नारायण सिंह चावड़ा को पतंजलि योग समिति उदयपुर का जिला प्रभारी, हरीश चौधरी को जिला कोषाध्यक्ष, नरेश पालीवाल को संवाद प्रभारी तथा मुकेश पाठक को राज्य कार्यकारी सदस्य बनाते हुए सलूम्बर एवं डूंगरपुर जिले का दायित्व सौंपा गया।
इस अवसर पर योग शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त साधकों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। स्वामी परमार्थ देव जी ने योग साधकों से गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक नई योग कक्षाएं शुरू कर अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति, किसान सेवा समिति, युवा भारत एवं सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के राज्य पदाधिकारियों सहित भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, राजसमंद और अन्य जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
आयोजन को सफल बनाने में भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी मोहन सिंह शक्तावत एवं उनकी टीम सहित अनेक योग साधकों और स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की जानकारी सोशल मीडिया प्रभारी नरेश पूर्बिया ने दी।
