एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क
बिछीवाड़ा, आमोड व नयाखोला के 16 लाभार्थियों को वितरित हुई आधुनिक टूल किट
उदयपुर । केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक कारीगरों के लिए वरदान साबित हो रही है। इसी क्रम में पंचायत समिति फलासिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिछीवाड़ा, आमोड एवं नयाखोला में योजना के तहत 16 पात्र लाभार्थियों को आधुनिक टूल किट वितरित की गई। इससे क्षेत्र के कारीगरों को अपने व्यवसाय को नई गति देने में मदद मिलेगी तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
टूल किट वितरण कार्यक्रम में भाजपा फलासिया मंडल उपाध्यक्ष फतेहलाला भाट, सरपंच मोतीलाल डगाचा, ग्राम विकास अधिकारी भैरूलाल मेघवाल, वार्ड पंच रोशनलाल भगोरा, सीएससी वीएलई गजेन्द्र लोहार तथा राहुल ब्रांच पोस्ट ऑफिस सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने लाभार्थियों को किट प्रदान कर योजना का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को लगभग 15 हजार रुपये मूल्य की टूल किट प्रदान की गई, जिसमें मसाला गाड़ी, मसाला परात सहित व्यवसाय में उपयोग आने वाले विभिन्न उपकरण शामिल हैं। इन उपकरणों के माध्यम से कारीगर आधुनिक तकनीक के साथ अपने कार्य को अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।
क्षेत्र में योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इसी के तहत ई-मित्र केंद्र के माध्यम से 250 से अधिक आवेदन करवाए गए। आवेदन प्रक्रिया के बाद पात्र लाभार्थियों का सत्यापन किया गया तथा उन्हें छह दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत इससे पहले भी क्षेत्र के अनेक कारीगरों को सिलाई मशीन, लोहारी कार्य के उपकरण तथा अन्य आवश्यक टूल किट उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। योजना का उद्देश्य पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को आधुनिक संसाधन, कौशल प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना के माध्यम से पारंपरिक हुनर को नई पहचान मिल रही है तथा युवा पीढ़ी भी अपने पुश्तैनी व्यवसाय की ओर आकर्षित हो रही है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में गोपाल लाल कलाल, कैलाश डगाचा, कावाराम डगाचा, प्रेमचंद डगाचा, नाथु डगाचा, गिरधारी लाल, मगन भगोरा, चिराग डगाचा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
