खेतों तक रास्ता नहीं, किसान परेशान — अब प्रशासन की जवाबदेही तय हो!
Total Views : 128
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - रूद्र प्रताप सिंह, डबोक

वर्षों से बदहाल मार्ग, अतिक्रमण और गंदगी से जूझ रहे किसान; चेतावनी — समाधान नहीं तो कलेक्टर कार्यालय पर होगा बड़ा आंदोलन

उदयपुर । 

डबोक। उदयपुर जिले के डबोक क्षेत्र के मेड़ता गांव में किसानों की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर ग्रामीणों और किसानों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। बड़ी संख्या में एकत्रित किसानों ने खेतों तक जाने वाले रास्तों की बदहाल स्थिति, गंदगी और अतिक्रमण के खिलाफ पंचायत एवं प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

किसानों का आरोप है कि कई वर्षों से वे रास्ते की समस्या झेल रहे हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है, जिससे खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत और संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला, धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने बताया कि मजबूरी में कई बार किसानों ने स्वयं चंदा कर और अपनी जेब से पैसा खर्च कर रास्ते की मरम्मत करवाई, ताकि खेती-किसानी का काम प्रभावित न हो। इसके बावजूद आज तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

किसानों ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। यदि जल्द रास्ते से अतिक्रमण नहीं हटाया गया और मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने कहा कि जब किसान ही अपने खेत तक नहीं पहुंच पाएगा तो खेती कैसे होगी? आखिर कब तक किसान अपनी मूलभूत समस्याओं के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाता रहेगा?

मेड़ता के किसानों का साफ संदेश है — अब वादे नहीं, कार्रवाई चाहिए। प्रशासन को किसानों की इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेकर स्थायी समाधान करना होगा, वरना यह आक्रोश बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है।