पूर्बिया समाज में युवाओं को मिली कमान, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन
Total Views : 456
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू), झाड़ोल

वार्षिक बैठक में मनोज बने युवा अध्यक्ष, विजेंद्र उपाध्यक्ष; समाज विकास और संगठन मजबूती पर हुआ मंथन


उदयपुर। श्री पूर्बिया कलाल समाज ओंगणा की वार्षिक बैठक कलालिया बावजी परिसर में समाज अध्यक्ष नरेश पूर्बिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समाज के विकास, संगठन की मजबूती और विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए समाजहित के कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही सर्वसम्मति से युवा कार्यकारिणी का गठन कर नई टीम की घोषणा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए समाज अध्यक्ष नरेश पूर्बिया ने कहा कि समाज की उन्नति प्रत्येक समाजबंधु के सहयोग से ही संभव है। जिस प्रकार बूंद-बूंद से घड़ा भरता है, उसी प्रकार सभी के छोटे-छोटे योगदान समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य, महिला एवं युवा कार्यकारिणी की सक्रियता से समाज का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित होता है।

उपाध्यक्ष नोजीराम पूर्बिया ने समाज के निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए सभी सदस्यों से आर्थिक सहयोग का आह्वान किया। वहीं कोषाध्यक्ष त्रिलोक पूर्बिया ने वर्षभर के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक का संचालन सचिव विनोद पूर्बिया ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व देहात जिला अध्यक्ष भंवर सिंह पंवार, कांट्रेक्टर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राव एवं डूंगर सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों का उपरणा ओढ़ाकर एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया गया।

मुख्य अतिथि भंवर सिंह पंवार ने कहा कि जो समाज एक जाजम पर बैठकर सामूहिक निर्णय लेने की परंपरा को निभाता है, वह समाज हमेशा प्रगति करता है। उन्होंने क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की।

बैठक में सर्वसम्मति से युवा कार्यकारिणी का गठन करते हुए मनोज पूर्बिया को युवा अध्यक्ष एवं विजेंद्र पूर्बिया को युवा उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा खुशाल पूर्बिया को खेल मंत्री तथा पंकज, विपुल, क्रितेश, गौतम, कमलेश, भूपेश, यशवंत एवं संजय पूर्बिया को सदस्य मनोनीत किया गया।

नवनिर्वाचित युवा अध्यक्ष मनोज पूर्बिया, उपाध्यक्ष विजेंद्र पूर्बिया एवं सचिव पंकज पूर्बिया का समाज पदाधिकारियों ने पगड़ी पहनाकर एवं उपरणा ओढ़ाकर सम्मान किया। बैठक में कमल पूर्बिया, नंदलाल पूर्बिया एवं दलीचंद पूर्बिया ने समाज हित में महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में गुलाबचंद, भेरूलाल, महावीर, हिम्मतलाल, नरेश कुमार, महेंद्र, मुकेश, रोशनलाल, प्रकाश, कमलेश, अमृतलाल, त्रिलोक सहित लगभग 80 समाजजन उपस्थित रहे। अंत में संरक्षक रामचंद्र पूर्बिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।