फलासिया बिछीवाड़ा आमोड सहित क्षेत्र में 23 हजार मक्का मिनी किट का वितरण, हजारो किसानों को मिला लाभ
Total Views : 138
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

फलासिया। कृषि विभाग द्वारा पंचायत समिति फलासिया क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में जनजाति वर्ग के किसानों को मक्का मिनी किट का वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत फलासिया, बिछीवाड़ा एवं आमोड़ में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान सैकड़ों किसानों को नि:शुल्क मक्का बीज मिनी किट वितरित किए गए।

ग्राम पंचायत फलासिया में प्रशासक सुगना देवी एवं वार्ड पंच बसंतीलाल भगोरा की उपस्थिति में किसानों को मक्का बीज वितरित किया गया। वहीं ग्राम पंचायत बिछीवाड़ा में प्रशासक मोतीलाल डगाचा तथा ग्राम पंचायत आमोड़ में प्रशासक दलीचन्द दरागी की मौजूदगी में पात्र किसानों को बीज उपलब्ध कराए गए।

इस दौरान वार्ड पंच बसंतीलाल भगोरा ने कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सभी वर्गों के किसानों को बीज एवं कृषि योजनाओं का समान लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने सामान्य वर्ग के किसानों को भी मक्का बीज उपलब्ध कराने की मांग की।

कृषि पर्यवेक्षक अजय जोशी ने बताया कि पंचायत समिति फलासिया क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में लगभग 23 हजार मक्का मिनी किट वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पात्र किसानों को बीज वितरण का कार्य किया जा रहा है, जिससे किसान उन्नत कृषि तकनीकों का लाभ लेकर उत्पादन बढ़ा सकें।

कृषि विभाग के अनुसार जिन पात्र किसानों को अभी तक मक्का मिनी किट प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें शेष बची मिनी किट का वितरण आगामी दिनों में किया जाएगा। विभाग ने किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लाभ प्राप्त करने की अपील की है।