महाराणा प्रताप जयंती को लेकर ओबीसी समाज सक्रिय, घर-घर जाकर देंगे निमंत्रण
Total Views : 31
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू), झाड़ोल

महाराणा प्रताप जयंती को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी, जातिगत जनगणना के लिए भी चलेगा जागरूकता अभियान

उदयपुर। सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट उदयपुर द्वारा महाराणा प्रताप जयंती को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। ट्रस्ट के पदाधिकारी और सदस्य ओबीसी समाज के घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र वितरित करेंगे तथा अधिक से अधिक लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे।

माली कॉलोनी स्थित ट्रस्ट कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष लोकेश चौधरी ने की। बैठक में महाराणा प्रताप जयंती समारोह की तैयारियों के साथ-साथ जातिगत जनगणना को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

प्रवक्ता नरेश पूर्बिया ने बताया कि प्रातः स्मरणीय महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर ट्रस्ट के सदस्य समाज के प्रत्येक घर तक पहुंचकर समारोह में भाग लेने का निमंत्रण देंगे। समाजजनों से 7:30 बजे मोती मंगरी, 8:30 बजे हाथीपोल से निकलने वाले भव्य जुलूस तथा 11 बजे टाउन हॉल में आयोजित आमसभा में बड़ी संख्या में उपस्थित रहने का आग्रह किया जाएगा।

ट्रस्ट के संस्थापक दिनेश माली ने कहा कि जातिगत जनगणना को लेकर ओबीसी समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। ट्रस्ट के सदस्य विभिन्न मोहल्लों में समाज अध्यक्षों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के साथ मिलकर लोगों को जनगणना के महत्व और सहभागिता के प्रति जागरूक करेंगे।

बैठक का संचालन महासचिव सूर्य प्रकाश सुहालका ने किया। इस अवसर पर संरक्षक भंवरलाल सुहालका, संस्थापक दिनेश माली, अध्यक्ष लोकेश चौधरी, महामंत्री सूर्य प्रकाश सुहालका, कोषाध्यक्ष बालकृष्ण सुहालका, भेरूलाल भाई, भेरूलाल कलाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।