झाड़ोल में कल निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, आजाद मैदान से होगा शुभारंभ
Total Views : 100
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

आजाद मैदान से गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश — झाड़ोल में तिरंगा यात्रा को लेकर तैयारियां तेज।

झाड़ोल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी मंडल झाड़ोल की ओर से 14 अगस्त शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन को लेकर मंडल स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

भाजपा मंडल झाड़ोल द्वारा मिली जानकारी के अनुसार तिरंगा यात्रा का शुभारंभ 14 अगस्त शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे आजाद मैदान, झाड़ोल से होगा। यात्रा में भाजपा के मंडल, जिला एवं मोर्चा पदाधिकारी, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के शामिल होने का आह्वान किया गया है।

इन प्रमुख जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी

तिरंगा यात्रा के अवसर पर कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राज राणा गुणवंत सिंह झाला, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार, जिला मंत्री संजय मेहता तथा जिला प्रवक्ता नीलमराज पुरोहित सहित भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी रहेगी।

आयोजकों ने कार्यकर्ताओं एवं आमजन से अपील की है कि वे समय पर आजाद मैदान पहुंचकर हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता करें और स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व को देशभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाएं।

भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह

तिरंगा यात्रा को लेकर झाड़ोल मंडल में व्यापक उत्साह का माहौल है। आयोजन को सफल बनाने के लिए भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता क्षेत्र में लोगों से संपर्क कर रहे हैं। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजकों का कहना है कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान और करोड़ों भारतीयों की एकता का प्रतीक है। ऐसे में अधिक से अधिक लोगों से तिरंगा यात्रा में शामिल होकर इसे भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की अपील की गई है।

इनकी रहेगी प्रमुख भूमिका

तिरंगा यात्रा के आयोजक के रूप में मंडल अध्यक्ष शंकर लाल गायरी, मंडल महामंत्री निर्मल कुमार दर्जी एवं मंडल महामंत्री पंकज पंड्या की ओर से सभी कार्यकर्ताओं, सरपंचों, पंचायत समिति सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया है।