स्वतंत्रता दिवस समारोह में झाड़ोल के 77 प्रतिभाओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
Total Views : 88
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

झाड़ोल। स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 के अवसर पर झाड़ोल उपखंड क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले 77 प्रतिभावान एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा। उपखंड अधिकारी झाड़ोल की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा विभिन्न विभागों, संस्थाओं एवं क्षेत्रों से संबंधित उपलब्धियों के आधार पर पारितोषिक पात्रता सूची तैयार की गई है। यह सूची 14 अगस्त 2026 को जारी की गई।

जारी सूची में सबसे अधिक जोर शिक्षा एवं विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर दिया गया है। कक्षा 10वीं एवं 12वीं में जिला एवं तहसील स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सूची में शामिल किया गया है। विभिन्न संकायों में बेहतर परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ राजकीय विद्यालयों में सर्वाधिक प्रतिशत हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान के लिए पात्र माना गया है।

इसके अलावा एनसीसी, खेल एवं अन्य गतिविधियों में राज्य स्तर तक भाग लेने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। सूची में शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वालों को भी शामिल किया गया है।

विभिन्न सरकारी विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजस्व, चिकित्सा, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि, पशुपालन, आयुर्वेद, पंचायती राज एवं शिक्षा विभाग के कार्मिकों को भी सम्मान के लिए चयनित किया गया है। सूची में विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, समय पर राजकीय कार्यों का निष्पादन, ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने, ऑनलाइन कार्यों तथा विभागीय सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान जैसे कार्यों को आधार बनाया गया है।

चिकित्सा क्षेत्र में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व कार्यक्रम, मौसमी बीमारियों के प्रभावी नियंत्रण, राष्ट्रीय कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य, परिवार कल्याण तथा आंगनबाड़ी सेवाओं सहित स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को भी सम्मान की सूची में शामिल किया गया है।

सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में ग्राम पंचायतों को इंटरनेट कनेक्टिविटी से जोड़ने के प्रयास तथा कार्यालय एवं राजकीय कार्यों में तकनीकी सहयोग देने वाले कार्मिकों को भी सूची में स्थान दिया गया है। कृषि एवं पशुपालन विभाग में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान देने वालों का चयन किया गया है। वहीं आयुर्वेद विभाग में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार एवं आयुष ग्राम योजना के सफल क्रियान्वयन तथा ग्रामीण सेवा शिविर में सराहनीय कार्य को आधार बनाया गया है।

शिक्षा विभाग में बेहतर परीक्षा परिणाम, विद्यालय विकास, ऑनलाइन कार्य, भौतिक विकास, विद्यार्थियों के हित में कार्य, नामांकन बढ़ाने, विद्यालय प्रबंधन तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में सराहनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं कार्मिकों को शामिल किया गया है।

सूची में पत्रकारिता एवं सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों को भी सम्मान के लिए शामिल किया गया है। उत्कृष्ट पत्रकारिता एवं जनहित में किए जा रहे कार्यों के साथ सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यों में योगदान तथा वन्यजीवों एवं सांपों को रेस्क्यू कर सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ने जैसे कार्यों को भी मान्यता दी गई है।

ग्राम पंचायत स्तर पर राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने, ऑनलाइन कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा पंचायत स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले कार्मिकों को भी सम्मान सूची में शामिल किया गया है।

उपखंड अधिकारी झाड़ोल की ओर से जारी 77 पात्रों की सूची विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों को सम्मान देने की पहल है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में इन सभी चयनित प्रतिभाओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।