रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
पुलों का लोकार्पण, आदर्श गांव बदराणा में विकास कार्यों का शिलान्यास और झाड़ोल में अटल पथ का भूमि पूजन
झाड़ोल। झाड़ोल विधायक एवं राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी सोमवार को झाड़ोल पंचायत समिति क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात देंगे। मंत्री खराड़ी के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों में खासा उत्साह है।
भाजपा देहात जिला प्रवक्ता नीलम राजपुरोहित ने बताया कि मंत्री बाबूलाल खराड़ी सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा नवनिर्मित विभिन्न पुलों का लोकार्पण करेंगे। इनमें ग्राम पंचायत मगवास के राजस्व ग्राम बरबली में नदी पर निर्मित पुल, ग्राम अमरपुरा में निर्मित पुल तथा ग्राम बदराणा में मानसी नदी पर नवनिर्मित पुल शामिल हैं।
आदर्श गांव बदराणा को मिलेगी विकास की नई रफ्तार
मंत्री खराड़ी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला ग्राम उत्थान योजना के अंतर्गत चयनित आदर्श गांव बदराणा में प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
झाड़ोल में करीब 2 करोड़ की लागत से बनेगा अटल पथ
दौरे के अगले चरण में झाड़ोल मुख्यालय पर नेशनल हाईवे-58ई स्थित पंवार पंप से सती चौराहा तक बनने वाले अटल पथ का भूमि पूजन किया जाएगा। लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग झाड़ोल के विकास और आवागमन की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। अटल पथ के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ ही मुख्यालय के यातायात को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
भाजपा पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व देहात जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता गुणवंत सिंह झाला, भाजपा देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष शंकर लाल गायरी सहित भाजपा मंडल झाड़ोल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
मंत्री बाबूलाल खराड़ी के दौरे को झाड़ोल क्षेत्र में विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलों के लोकार्पण से लेकर आदर्श गांव बदराणा में विकास कार्यों के शिलान्यास और झाड़ोल में अटल पथ के भूमि पूजन तक, सोमवार का दिन क्षेत्र के विकास के लिए अहम साबित होने वाला है।
