18 अगस्त को खुलेगा आरक्षण का पिटारा!
Total Views : 197
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल में लॉटरी से तय होगा सरपंच और वार्डों का वर्गवार आरक्षण, उपखंड कार्यालय में सुबह 10:30 बजे होगी अहम प्रक्रिया

झाड़ोल। पंचायत चुनावों को लेकर झाड़ोल क्षेत्र में अब सियासी हलचल तेज होने वाली है। पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव को लेकर सरपंच एवं ग्राम पंचायतों के वार्डों का वर्गवार आरक्षण एवं महिला आरक्षण लॉटरी के माध्यम से तय किया जाएगा। इसके लिए निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (पंचायत), एसडीएम झाड़ोल कार्यालय की ओर से आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।

18 अगस्त 2026 को सुबह 10:30 बजे उपखंड कार्यालय झाड़ोल में लॉटरी प्रक्रिया आयोजित होगी। इस प्रक्रिया के बाद कई ग्राम पंचायतों में चुनावी समीकरणों की तस्वीर बदलने की संभावना है। किस ग्राम पंचायत में किस वर्ग के लिए सरपंच पद आरक्षित होगा और किन वार्डों का आरक्षण किस श्रेणी में जाएगा, इसे लेकर संभावित दावेदारों और राजनीतिक दलों की नजर अब इस प्रक्रिया पर टिकी है।

लॉटरी प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

जारी पत्र में संबंधित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया गया है कि उनके क्षेत्राधिकार में आने वाले जनप्रतिनिधियों को पत्र की तामील करवाकर 17 अगस्त 2026 तक तामील रिपोर्ट कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित जनप्रतिनिधियों की लॉटरी प्रक्रिया में उपस्थिति सुनिश्चित करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

वहीं पंचायत समिति झाड़ोल, फलासिया एवं ओगणा के विकास अधिकारियों को भी प्रक्रिया में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र की प्रतियां राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों को भी सूचना के लिए भेजी गई हैं।

किसका सपना होगा पूरा, किसकी उम्मीदों पर लगेगा ब्रेक?

आरक्षण की लॉटरी सामने आते ही ग्राम पंचायतों में लंबे समय से चुनावी तैयारियों में जुटे संभावित दावेदारों की रणनीति भी बदल सकती है। जिस सीट पर कोई दावेदार चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है, आरक्षण की श्रेणी बदलने पर उसे अपना राजनीतिक मैदान बदलना पड़ सकता है।

यही वजह है कि 18 अगस्त की लॉटरी केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि आने वाले पंचायत चुनावों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।

राजनीतिक दलों और दावेदारों की नजरें झाड़ोल पर

पत्र में भाजपा, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय आदिवासी पार्टी सहित अन्य संबंधित पक्षों को भी सूचना दी गई है। ऐसे में आरक्षण की लॉटरी को लेकर राजनीतिक हलकों में भी उत्सुकता बढ़ गई है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है—18 अगस्त की लॉटरी के बाद झाड़ोल क्षेत्र की कौन-कौन सी ग्राम पंचायतों में किस वर्ग का आरक्षण सामने आता है?

18 अगस्त को सुबह 10:30 बजे उपखंड कार्यालय झाड़ोल में होने वाली यह प्रक्रिया कई संभावित प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य की दिशा तय कर सकती है।