रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
शिक्षा, खेल एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10 बालिकाओं को मिला सम्मान; एसडीएम चिमनलाल मीणा ने मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर किया सम्मानित
झाड़ोल। उपखण्ड मुख्यालय स्थित आजाद मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित उपखण्ड स्तरीय समारोह में बालिका प्रतिभाओं का सम्मान कर उनका हौसला बढ़ाया गया। ब्लॉक फलासिया महिला अधिकारिता विभाग की ओर से शिक्षा, खेल एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में वर्ष 2026 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10 प्रतिभाशाली बालिकाओं को टैलेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
समारोह में झाड़ोल उपखण्ड अधिकारी चिमनलाल मीणा ने बालिकाओं को सम्मान स्वरूप मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किए। सम्मान मिलने पर बालिकाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
सम्मानित होने वाली बालिकाओं में अनिता कुमारी दमाणा, ज्योति अहारी, ऐश्वर्या दामा निचली सिगरी, सोनिया कुमारी सिसोदिया जेतावाड़ा, करिश्मा डामोर खाटीकमदी, पायल कुंवर कोल्यारी, वंदना कुमारी मादला, समू कुमारी, कल्पना कुमारी एवं करिश्मा कुमारी आमोड़ शामिल रहीं।
बालिकाओं को आगे बढ़ने का दिया संदेश
इस अवसर पर कहा गया कि बालिकाओं ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगन से विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इन उपलब्धियों के सम्मान का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना ही नहीं, बल्कि समाज की अन्य बालिकाओं को भी शिक्षा, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
सम्मान समारोह के माध्यम से बालिकाओं को अपने सपनों को पूरा करने, निरंतर मेहनत करने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बालिका प्रतिभाओं का सम्मान समाज में बेटियों को समान अवसर और आगे बढ़ने का संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।
अधिकारी-कर्मचारियों सहित कई लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपखण्ड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, क्षेत्रीय नागरिक, महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर कृष्णा मीणा फलासिया एवं सुपरवाइजर भावना मीणा झाड़ोल, ग्राम साथिन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। समारोह में बालिकाओं के सम्मान से उपस्थित लोगों में उत्साह नजर आया और सभी ने प्रतिभाशाली बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
