गुरु सम्मान से गूंजा श्रीनाथ विद्या मंदिर, कृष्ण-राधा की झांकियों ने मोहा मन
Total Views : 538
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल। श्रीनाथ विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, झाड़ोल में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का भव्य समारोह हर्षोल्लास, उमंग और धूमधाम के साथ मनाया गया। एक ओर जहां विद्यार्थियों ने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की, वहीं दूसरी ओर नन्हे-मुन्ने बालक-बालिकाओं ने कृष्ण-राधा का मनमोहक रूप धरकर जन्माष्टमी के उत्सव में भक्ति और उल्लास के रंग भर दिए।

शिक्षक दिवस पर बदली जिम्मेदारियां, विद्यार्थियों ने संभाली विद्यालय की कमान। समारोह का सबसे आकर्षक पहलू रहा विद्यार्थियों का शिक्षक और विद्यालय प्रशासन की भूमिकाओं में नजर आना। कक्षा 12वीं की छात्रा निकिता मेघवाल ने प्रधानाचार्य का दायित्व निभाते हुए कर्तव्य का निर्वहन किया, जबकि कक्षा 10वीं के छात्र भावेश सिंह चौहान ने उपप्रधानाचार्य की भूमिका निभाई। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अध्यापक बनकर नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों को पढ़ाया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने अध्यापन की जिम्मेदारी को करीब से समझा और भविष्य में शिक्षक बनने के अपने सपनों को नई दिशा दी।

विद्यालय के सभी शिक्षकों का विद्यार्थियों द्वारा उपरना, नारियल एवं उपहार भेंट कर जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। गुरुजनों के सम्मान का यह दृश्य समारोह का विशेष आकर्षण रहा।

कार्यक्रम पुखराज मेघवाल, संतोष निनामा एवं एवन कुँवर देवड़ा की देखरेख में संपन्न हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह चौहान ने शिक्षक एवं विद्यार्थी के महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने का कार्य करता है, वहीं विद्यार्थी किसी भी विद्यालय की वास्तविक पहचान और भविष्य की नींव होते हैं।

कृष्ण भक्ति में रंगा विद्यालय, राधा-कृष्ण की झांकियों ने जीता दिल

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। प्रधानाचार्य एवं समस्त अध्यापकों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रेम प्रजापत, अध्यक्ष प्रकाश पटेल एवं विशिष्ट अतिथि गोपाल पटेल (LIC एजेंट) के रूप में मौजूद रहे।

जन्माष्टमी के अवसर पर नन्हे-मुन्ने बालक-बालिकाएं आकर्षक वेशभूषा में कृष्ण और राधा बनकर विद्यालय पहुंचे। बच्चों की मनमोहक झांकियों ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। कृष्ण-राधा के गीतों पर विद्यार्थियों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किए तथा भजनों की प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

समारोह में आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने जमकर रोमांच पैदा किया। पहले बालकों ने उत्साह के साथ मटकी फोड़ी, जिसके बाद बालिकाओं ने भी पूरे जोश और उत्साह के साथ मटकी फोड़कर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों और उपस्थितजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

समापन अवसर पर प्रधानाचार्य विक्रम सिंह चौहान ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों, कर्मयोग और मानव जीवन में उनके संदेश की विस्तृत जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जीवन में सत्य, कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

पूरे कार्यक्रम का शानदार संचालन एवन कुँवर देवड़ा ने किया। शिक्षक दिवस पर गुरुजनों के सम्मान से लेकर जन्माष्टमी पर कृष्ण भक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, झांकियों और मटकी फोड़ तक विद्यालय में दिनभर उत्सव का माहौल बना रहा। समारोह ने यह संदेश दिया कि जहां संस्कार और शिक्षा साथ चलते हैं, वहीं विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई उड़ान मिलती है।