एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, बिछीवाड़ा
उदयपुर, 5 अक्टूबर। पंचायती राज के त्रिस्तरीय चुनावों के सफल और शांतिपूर्ण संपादन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर श्री गौरव अग्रवाल ने निर्वाचन प्रबंधन हेतु गठित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारियों और सहायक प्रभारियों की बैठक ली।
जिला परिषद सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए अग्रवाल ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसे पूरी तरह से शांतिपूर्वक, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने हाल ही में सम्पन्न हुए नगर निकाय चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार सभी विभागों और प्रकोष्ठों ने आपसी समन्वय व टीम भावना से कार्य कर निकाय चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न करवाया था, ठीक उसी तर्ज पर पंचायत चुनावों में भी उचित तालमेल सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों और सहायक प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।
बैठक में कार्मिक प्रकोष्ठ, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ, आदर्श आचार संहिता प्रकोष्ठ, सामग्री प्रकोष्ठ, परिवहन व वाहन प्रकोष्ठ, कानून एवं व्यवस्था प्रकोष्ठ, ईवीएम एवं मतपेटी प्रकोष्ठ, स्वीप प्रकोष्ठ, सामान्य व्यवस्था एवं मतगणना प्रकोष्ठ तथा मीडिया प्रकोष्ठ के प्रभारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी ने राज्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार ही अपनी कार्यप्रणाली तय करने, आवंटित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करने तथा निकाय चुनाव की सफलता को दोहराते हुए आपसी समन्वय के साथ जीरो-एरर नीति पर काम करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी से काम करें ताकि आमजन बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह, जिला परिषद सीईओ प्रीतम कुमार, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, गिर्वा एसडीओ अवुला सांई कृष्ण सहित सभी प्रकोष्ठ प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
मतदान कार्मिकों को उपलब्ध कराएं सभी सुविधायें
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पंचायती राज चुनाव में मतदान दलों के कार्मिकों को मतदान केंद्र पर पांच दिवस पर तक उपस्थित रहना होता है। ऐसे में उनके वहां ठहरने सहित अन्य सुविधाओं को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारी को आदेश दिए कि मतदान दलों के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाए।
