रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल
झाड़ोल। झाड़ोल क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सांडोल माता नर्सरी स्थित एनिकट के पानी में एक युवती का शव तैरता हुआ मिला। पानी में शव दिखाई देने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में हलचल मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। मृतका की पहचान पालियाखेड़ा निवासी 18 वर्षीय निशा डामोर, पिता सुरेश डामोर के रूप में हुई है। निशा पढ़ाई कर रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सांडोल माता नर्सरी स्थित एनिकट में ग्रामीणों ने एक युवती का शव पानी में तैरता हुआ देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर झाड़ोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पानी से बाहर निकलवाया। बाद में शव को उपजिला चिकित्सालय झाड़ोल की मोर्चरी में रखवाया गया।
सांडोल माताजी की गरबा विसर्जन यात्रा में शामिल होने की मिली जानकारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका निशा डामोर के सांडोल माताजी की गरबा विसर्जन यात्रा में शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि, वह एनिकट तक कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस जांच के बाद सामने आएंगे मौत के कारण
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। युवती का शव उपजिला चिकित्सालय झाड़ोल की मोर्चरी में रखवाया गया है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 18 वर्षीय युवती की असमय मौत की खबर से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
