एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क
फलासिया। पंचायत चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा राजनीतिक घमासान अब थम गया है। प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद होने के बाद अब सभी की निगाहें कल आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। फलासिया पंचायत समिति क्षेत्र में पंचायत समिति सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों के नतीजों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा, कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) सहित सभी राजनीतिक दलों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत के दावे कर रहे हैं।
चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने के लिए बाड़ाबंदी का सहारा लिया। दोनों ही दलों को मतदान के बाद किसी तरह की राजनीतिक सेंधमारी और जोड़-तोड़ की आशंका बनी हुई थी। इसी के चलते दोनों दलों ने अपने समर्थित प्रत्याशियों को एक साथ रखा। वहीं भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने बाड़ाबंदी से दूरी बनाए रखी और अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया।
फलासिया पंचायत समिति की राजनीति में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस जहां अपना राजनीतिक वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश में हैं, वहीं बीएपी भी चुनावी समीकरणों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर भी सभी की निगाहें रहेंगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि फलासिया पंचायत समिति में किस दल को बढ़त मिलेगी और जिला परिषद में किस पार्टी का प्रदर्शन मजबूत रहेगा। कल मतगणना के साथ ही सभी राजनीतिक अटकलों पर विराम लग जाएगा। चुनाव परिणाम न केवल प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य तय करेंगे, बल्कि आगामी दिनों में क्षेत्र की पंचायत राजनीति की दिशा भी निर्धारित करेंगे।
कल मतगणना के बाद तस्वीर साफ होगी कि फलासिया क्षेत्र की जनता ने किस दल और प्रत्याशी पर अपना भरोसा जताया है।
