लोकतंत्र की मजबूती के लिए जेआर शर्मा गर्ल्स बीएड कॉलेज में गूंजा मतदाता जागरूकता का संदेश, 40 छात्राओं ने लिया निष्पक्ष मतदान का संकल्प
Total Views : 71
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल। लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाता से ही संभव है और इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजस्थान बाल कल्याण समिति झाड़ोल द्वारा संचालित जेआर शर्मा गर्ल्स बीएड कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्रा अध्यापिकाओं को मतदान के महत्व, शुद्ध मतदाता सूची तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।


महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. द्रोपदी बारबर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में ईएलसी (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) के तहत निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 'शुद्ध मतदाता सूची का महत्व' एवं 'चुनाव का महत्व' विषयों के माध्यम से छात्राओं ने लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और जागरूक नागरिक की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके बाद ईएलसी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित अपनी जानकारी और जागरूकता का परिचय दिया।


प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में गीता वडेरा ने प्रथम तथा मोनिका पालीवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध लेखन प्रतियोगिता में तुलसी कुमारी प्रथम, पायल अमलियार द्वितीय तथा हन्ना कुमारी धलोविया तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका डॉ. हर्षा रावल एवं सुनीता सुथार ने निभाई।


कार्यक्रम में कुल 40 छात्राओं ने भाग लिया। समापन अवसर पर डॉ. सतीश जोशी, श्याम प्रताप सिंह, प्रकाश मेघवाल सहित महाविद्यालय की छात्राओं एवं समस्त कर्मचारियों ने लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने, बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान करने की शपथ ली।


कार्यक्रम ने छात्राओं में चुनावी जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित यह पहल लोकतंत्र के प्रति जागरूक युवा पीढ़ी तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।