उदयपुर कलक्टर नमित मेहता सिल्वर एलीफैंट अवार्ड से होंगे सम्मानित
Total Views : 153
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल

उदयपुर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड, राज्य मुख्यालय जयपुर के तत्वावधान में 9 से 12 फरवरी तक आयोजित राज्य स्तरीय राज्य पुरस्कार सम्मान समारोह में उदयपुर जिला कलक्टर नमित मेहता को भारत स्काउट व गाइड आंदोलन के सर्वोच्च सम्मान “सिल्वर एलीफैंट अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान माननीय राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे द्वारा प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर भारत स्काउट व गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका अभिनंदन भी किया जाएगा। सिल्वर एलीफैंट अवार्ड स्काउट एवं गाइड आंदोलन में उत्कृष्ट एवं विशिष्ट योगदान के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है।

ज्ञातव्य है कि श्री मेहता को यह अवार्ड वर्ष 2022-23 में पाली जिले के जिला कलक्टर पद पर रहते हुए 18वीं राष्ट्रीय स्तरीय स्काउट गाइड जंबूरी का ऐतिहासिक एवं भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रदान किया जा रहा है। उनके कुशल नेतृत्व, बेहतर समन्वय एवं प्रशासनिक दक्षता के कारण यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया था।

उदयपुर सहित प्रदेश भर में इस उपलब्धि पर हर्ष का वातावरण है। विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने श्री मेहता को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।