उदयपुर में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 1.58 लाख नाम कटे; 41 हजार नए मतदाता जुड़े, मतदान केंद्र भी बढ़े
Total Views : 202
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

उदयपुर में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 1.58 लाख नाम कटे; 41 हजार नए मतदाता जुड़े, मतदान केंद्र भी बढ़े

उदयपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराए गए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद उदयपुर जिले की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। दो माह तक चले इस गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद जिले की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर संशोधन हुआ है। जहां एक ओर बड़ी संख्या में अपात्र नाम हटाए गए, वहीं हजारों नए मतदाताओं को भी सूची में शामिल किया गया है।

SIR प्रक्रिया शुरू होने से पहले उदयपुर जिले में कुल 19 लाख 62 हजार 340 मतदाता दर्ज थे। अंतिम प्रकाशन के बाद अब यह संख्या घटकर 18 लाख 4 हजार 151 रह गई है। इस तरह कुल 1 लाख 58 हजार 189 नाम मतदाता सूची से हटाए गए। हालांकि इसी अवधि में 41 हजार 295 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए और 3,736 नाम अन्य कारणों से संशोधित या हटाए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार हटाए गए नामों में सबसे बड़ी संख्या उन मतदाताओं की है, जो दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो गए थे। इसके अलावा मृत्यु, डुप्लीकेट नाम और अन्य तकनीकी कारणों से भी नाम विलोपित किए गए। आंकड़ों के मुताबिक 42,439 नाम मृत्यु के कारण, 1 लाख 27 हजार 517 नाम शिफ्ट होने पर, 13 हजार 641 नाम डबल वोटर पाए जाने पर तथा 11 हजार 106 नाम एक्सचेंज/अन्य तकनीकी कारणों से हटाए गए।

जिले की सात विधानसभा सीटों—गोगुंदा, झाड़ोल, खेड़वाड़ा, उदयपुर ग्रामीण, उदयपुर शहर, मावली और वल्लभनगर—में संशोधित मतदाता सूची लागू होगी। विधानसभा क्षेत्रवार देखें तो उदयपुर शहर और उदयपुर ग्रामीण क्षेत्रों में नाम कटने की संख्या अपेक्षाकृत अधिक रही है, जबकि झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक नए नाम जुड़े हैं।

दो माह के अभियान में झाड़ोल क्षेत्र में 9,879 नए मतदाता जुड़े, जबकि उदयपुर ग्रामीण में 7,616 और उदयपुर शहर में 7,129 नए नाम शामिल किए गए। गोगुंदा में 4,098, खेड़वाड़ा में 4,566, मावली में 4,721 और वल्लभनगर में 3,286 नए मतदाता जोड़े गए।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी इस संबंध में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी मान्यता प्राप्त दलों को SIR से जुड़े विस्तृत आंकड़े प्रस्तुत किए गए। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। इसके लिए मतदाता फार्म-6, 7 और 8 के माध्यम से ऑनलाइन या संबंधित बीएलओ के जरिए आवेदन कर सकते हैं।

मतदाता सूची के साथ-साथ जिले में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। अब जिले में कुल 2,258 मतदान केंद्र होंगे। खेड़वाड़ा में 363, झाड़ोल में 355, वल्लभनगर में 338, गोगुंदा में 328, उदयपुर ग्रामीण में 322, मावली में 299 और उदयपुर शहर में 253 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

निर्वाचन अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अंतिम प्रकाशित सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो समय रहते सुधार के लिए आवेदन करें। आगामी चुनावों को देखते हुए यह संशोधित सूची ही मतदान के लिए मान्य होगी।