एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क
उदयपुर। जिले में भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस आज पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। स्थापना दिवस को लेकर फलासिया मंडल में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में मंडल स्तर पर बैठक आयोजित कर कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों की रूपरेखा और जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में बताया गया कि स्थापना दिवस के अवसर पर मंडल क्षेत्र के प्रत्येक बूथ और गांव में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं द्वारा अपने-अपने घरों पर भाजपा का ध्वज फहराया जाएगा तथा पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।
बैठक में मंडल अध्यक्ष भेरूलाल प्रजापत की अध्यक्षता में कार्यक्रमों की विस्तृत योजना बनाई गई। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता भोपाल सिंह शक्तावत, विधानसभा प्रभारी मुकेश माली सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से स्थापना दिवस को बूथ स्तर तक भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया।
नांदेशमा मंडल में भी तैयारियां तेज
नांदेशमा मंडल में भी भाजपा स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंडल स्तर पर आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सायरा और गोगुंदा मंडलों में बैठकें
सायरा और गोगुंदा मंडलों में भी स्थापना दिवस को लेकर बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में बताया गया कि स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर पार्टी का ध्वज फहराएंगे तथा बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
