रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल
झाड़ोल। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र के मंडल स्तर पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर झाड़ोल मंडल में कोर्ट चौराहा स्थित गणेश मंदिर परिसर में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर स्थापना दिवस का जश्न मनाया।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी के लोकनायकों के संघर्षों और उनके योगदान को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की राष्ट्रवादी सोच एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांतों को संगठन की मजबूत वैचारिक नींव बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ‘अंत्योदय’ के विचार को आत्मसात करते हुए ‘सेवा ही संगठन’ के मंत्र के साथ निरंतर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वक्ताओं ने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लक्ष्य के साथ भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है। कार्यक्रम में संगठन की विचारधारा और कार्यपद्धति पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी समय में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर झाड़ोल मंडल अध्यक्ष शंकर लाल गाडरी, कोषाध्यक्ष नथमल जैन, प्रशासक आशा देवी वडेरा, महामंत्री निर्मल दर्जी, पंकज पंडिया, मंडल उपाध्यक्ष लाल सिंह राणावत, बदराणा प्रशासक रेखा देवी लुर, मनीष पुरोहित, भरत जैन, भावुक जैन, बंशीलाल वडेरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
झाड़ोल विधानसभा मीडिया संयोजक जीतू भाई शुक्ला ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
