रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल
ओगणा। ब्लॉक ओगणा क्षेत्र में रविवार को आदिवासी परिवारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सामाजिक व्यवस्था को मजबूत करने, समाज में एकता बढ़ाने तथा फैली कुरीतियों को समाप्त करने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में समाजजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान बीसीसी (BCC) व वीसीसी (VCC) विंग को सशक्त बनाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ और संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बीसीसी प्रभारी के रूप में गोविंद भाई कसौटीया को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसी क्रम में पार्टी के विस्तार हेतु ब्लॉक स्तर पर नए मंडलों के गठन पर सहमति बनी तथा ब्लॉक अध्यक्ष पद पर मुकेश वडेरा की नियुक्ति की घोषणा की गई।
बैठक में झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रत्याशी रहे दिनेश पाण्डोर भी मौजूद रहे। उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और समाज के अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सामाजिक विंग से पूर्व बीसीसी प्रभारी अजयपाल कटारा, राजू भाई डूंगरी, अर्जुन कसौटिया, नवल कपाया, हकराराम, बदामी लाल, वीरम कपाया, सुन्दर, शांति लाल, सुरेश धाँगी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में वक्ताओं ने समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त कर शिक्षा, संगठन और जागरूकता के माध्यम से आदिवासी समाज को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
