ओबीसी हक की हुंकार: महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर एकजुट होगा समाज, प्रतिभाओं का होगा सम्मान
Total Views : 81
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल

उदयपुर।

महान समाज सुधारक एवं सामाजिक न्याय के प्रतीक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती इस बार उदयपुर में ओबीसी समाज के अधिकारों की आवाज के साथ धूमधाम से मनाई जाएगी। सर्व ओबीसी समाज महा पंचायत ट्रस्ट उदयपुर की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 11 अप्रैल को होने वाला यह आयोजन केवल जयंती समारोह नहीं, बल्कि ओबीसी समाज की एकता, शिक्षा और हक-अधिकारों की मजबूत अभिव्यक्ति बनेगा।

संस्थापक दिनेश माली एवं प्रवक्ता नरेश पूर्बिया ने बताया कि प्रातः 9 बजे ज्योतिबा फुले सर्कल, माली कॉलोनी पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद आयोजित भव्य समारोह में कक्षा 10वीं व 12वीं बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ओबीसी समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही महात्मा फुले के जीवन संघर्ष पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन कर युवाओं को सामाजिक चेतना का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक भेरूलाल कलाल एवं योगेश माली होंगे। प्रदेश महिला अध्यक्ष मनीबेन पटेल एवं महामंत्री शर्मिला माली के नेतृत्व में समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। प्रतिभावान विद्यार्थियों से 7 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

बैठक में एडवोकेट रतन लाल गुर्जर ने ओबीसी समाज के साथ हो रही उपेक्षा पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश में हो रही जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं होना समाज के साथ बड़ा अन्याय है। उन्होंने कहा कि बिना सटीक आंकड़ों के ओबीसी को उनका हक और प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाएगा। इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं ओबीसी आयोग को ज्ञापन भेजकर आवाज बुलंद की जाएगी।

बैठक में दिनेश माली, लोकेश चौधरी, पी.एस. पटेल, नरेश पूर्बिया, बालकृष्ण सुहालका, भेरूलाल कलाल, किशन राव, दिवाकर माली, गंगा देवी माली, मनीबेन पटेल, शर्मिला माली सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

यह आयोजन ओबीसी समाज के लिए केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपने अधिकारों, सम्मान और पहचान की लड़ाई को मजबूत करने का मंच बनेगा। समाज के लोगों ने एकजुट होकर स्पष्ट संदेश दिया है कि अब ओबीसी अपने हक के लिए संगठित होकर आवाज उठाएगा।