रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल
उदयपुर। समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर इस बार ओबीसी समाज एक नए जोश, नई ऊर्जा और मजबूत एकता के साथ सामने आ रहा है। आगामी 11 अप्रैल को शहर में सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट एवं ज्योतिबा फुले टीटी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य महासम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसे समाज के इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
इस आयोजन की खास बात यह है कि इसमें ओबीसी समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया जाएगा। वे विद्यार्थी जिन्होंने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 80% या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर समाज में शिक्षा के महत्व का संदेश दिया जाएगा।
आयोजन समिति का कहना है कि यह कार्यक्रम सिर्फ एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि ओबीसी समाज की ताकत, एकजुटता और शिक्षा के प्रति बढ़ते जागरूकता का प्रतीक बनेगा। समाज के युवाओं को आगे लाने और उन्हें नई दिशा देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।
आवेदन लिंक: https://forms.gle/PDSNRcXATAp3bTN27
अंतिम तिथि: 7 अप्रैल
समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम से जुड़ें और अपने-अपने स्तर पर इस संदेश को फैलाएं, ताकि कोई भी योग्य विद्यार्थी इस सम्मान से वंचित न रहे।
आयोजकों ने स्पष्ट कहा कि अब समय आ गया है जब ओबीसी समाज अपनी प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें मंच दे और एक मजबूत, शिक्षित और संगठित समाज का निर्माण करे।
