रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल
झाड़ोल ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोदाणा में गुरुवार को हनुमान जयंती के पावन अवसर पर प्रवेशोत्सव के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय स्टाफ की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक वातावरण में हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड पाठ के साथ हुई, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। इसके साथ ही नए शैक्षणिक सत्र के तहत प्रवेशोत्सव मनाया गया, जिसमें नए विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य यशवंत कुमार मीणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, संस्कार और कड़ी मेहनत के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अच्छी आदतें ही भविष्य की सफलता की नींव होती हैं।
इस अवसर पर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, जिससे अन्य विद्यार्थियों में भी प्रेरणा का संचार हुआ। साथ ही सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय स्टाफ द्वारा प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने शिक्षा और संस्कृति के सुंदर समन्वय का संदेश दिया।
