झाड़ोल में शिक्षा का परचम: पीएम श्री महात्मा गांधी विद्यालय का शानदार परीक्षा परिणाम, लविशा माली बनीं तहसील टॉपर
Total Views : 363
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल

झाड़ोल। क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए पीएम श्री उच्च माध्यमिक महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय ने सत्र 2025-26 के परीक्षा परिणामों में शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा लविशा माली ने कक्षा 12 में 96.60% अंक अर्जित कर पूरे तहसील में प्रथम स्थान हासिल किया, जिससे विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।

वहीं कक्षा 10 में इंद्रजीत सिंह ने 86% अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। विद्यालय की छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं में ललिता चौहान, निकिता झाला, दिव्या गायरी, भंवरी गरासिया, खुशबू वैरागी, मोनिका पटेल, भावना मेघवाल और मुस्कान प्रजापत शामिल हैं।

ब्लॉक स्तर पर भी शानदार उपलब्धि

ब्लॉक झाड़ोल के कुल 31 राजकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि 12 विद्यालयों ने 90% से अधिक परिणाम देकर शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

बुधवार को पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मोरध्वज व्यास एवं मनीष जोशी द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या रेणुका सालवी भी मौजूद रहीं।

शिक्षाविदों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में नरेंद्र मेहता ने आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन दीपिका व्यास द्वारा किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

भाजपा नेता मनीष पुरोहित ने तहसील के सभी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 झाड़ोल क्षेत्र के विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समर्पण और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। यह परिणाम न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।