उदयपुर में 38 यात्रियों से भरी बस में लगी आग, इमरजेंसी गेट से कूदकर बचाई जान
Total Views : 530
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ न्यूज नेटवर्क, उदयपुर

उदयपुर, गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब यात्रियों से भरी एक निजी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। बस जयपुर से अहमदाबाद जा रही थी और इसमें करीब 38 यात्री सवार थे, जिनमें लगभग 10 महिलाएं भी शामिल थीं।

बताया जा रहा है कि बस जैसे ही बलिचा हाईवे पर पहुंची, अचानक उसमें आग लग गई। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़की और गेट से कूदकर अपनी जान बचाई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों का सामान जलकर नष्ट हो गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं गोवर्धन विलास थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात व्यवस्था बहाल करवाई।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। समय रहते यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।