बिछीवाड़ा में पहली बार श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भव्य शोभायात्रा के साथ होगा नगर भ्रमण
Total Views : 157
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

बिछीवाड़ा। श्री गोविंदनगरी बिछीवाड़ा में पहली बार आयोजित होने जा रही श्रीमद्भागवत कथा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह का माहौल बना हुआ है। कथा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार 07 मई 2026 को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आज शाम 5:00 बजे श्रीमद्भागवत महापुराण (पोथी) का भव्य नगर भ्रमण निकाला जाएगा। यह नगर भ्रमण ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन एवं जयकारों के साथ पूरे नगर में भ्रमण करेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इस सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का वाचन परम पूज्य गुरुदेव पण्डित श्री फतहलाल जी महाराज के श्रीमुख से किया जाएगा। गुरुदेव के आगमन एवं कथा श्रवण को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म, भक्ति एवं संस्कारों का रसपान कराया जाएगा।

समिति ने बताया कि श्री गोविंदनगरी बिछीवाड़ा में पहली बार इतने भव्य एवं दिव्य स्तर पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन हो रहा है। साथ ही भगवान श्री गोविन्द श्याम जी एवं तुलसी महारानी जी के दिव्य परिणयोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे पूरा आयोजन एक विशाल धार्मिक महामहोत्सव का रूप ले चुका है।

आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि कथा के प्रथम दिवस शाम को जो भी भक्तजन प्रभु कृपा से प्रसाद लाना चाहते हैं, वे समिति सदस्यों से संपर्क कर अपना नाम दर्ज करवाएं ताकि व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सके।

समिति ने समस्त ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रभु भक्ति एवं कथा रस का आनंद लेने का आग्रह किया है। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है तथा गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।