विश्व मातृत्व दिवस पर वृक्षम नारी शक्ति सम्मान समारोह आयोजित, कल्पना गोयल सम्मानित
Total Views : 31
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल

उदयपुर | विश्व मातृत्व दिवस के अवसर पर वृक्षम अमृतम सेवा संस्थान के तत्वावधान में सेक्टर 14 स्थित मां द्रोपदी देवी आनंद वृद्धाश्रम में भव्य “वृक्षम नारी शक्ति सम्मान समारोह” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कल्पना गोयल को “वृक्षम नारी शक्ति सम्मान” से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर मनोज आंचलिया ने मातृत्व की महिमा पर अपने विचार रखते हुए कहा कि मां के चरणों में समस्त तीर्थों का पुण्य समाहित है। उन्होंने मां को सृष्टि की करुणा, संस्कृति की चेतना और जीवन की प्रथम गुरु बताते हुए मातृत्व के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला।

संस्थान के अध्यक्ष डॉ गोपेश शर्मा ने संस्थान द्वारा पिछले पांच वर्षों में संचालित पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने का आह्वान किया।

समारोह में वरिष्ठ मातृ शक्ति कमला शर्मा, प्रभाबेन पारिक एवं शालिनी उपाध्याय ने कल्पना गोयल को पगड़ी, उपरणा, ताज, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया।

मीडिया प्रभारी नरेश पूर्बिया ने बताया कि कल्पना गोयल ने वृक्षम अमृतम सेवा संस्थान द्वारा किए जा रहे सकारात्मक सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों को आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अनिल पारीक, सचिव यशवन्त त्रिवेदी, सह सचिव निलेश पालीवाल, एक्जीक्यूटिव सदस्य शिव शंकर पालीवाल, महेश उपाध्याय, डॉ सीमा वेद सहित बड़ी संख्या में वृद्धजन एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।