एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क
फलासिया क्षेत्र की गोविन्द श्याम नगरी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को गणपति वंदना एवं मंगलाचरण के साथ श्रद्धा और भक्ति भाव से किया गया। कथा स्थल को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी एवं धार्मिक झांकियों से भव्य रूप दिया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
इससे पूर्व हिंता की पावन धरती से पधारे प्रसिद्ध श्रीमद्भागवत कथावाचक पंडित फतहलाल जी महाराज का ढोल-नगाड़ों एवं जयकारों के साथ पूरे नगर में भव्य भ्रमण करवाया गया। नगरवासियों ने जगह-जगह महाराज का स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भक्ति यात्रा को उत्साहपूर्ण बना दिया। नगर भ्रमण के दौरान पूरा क्षेत्र “जय श्री गोविन्द” एवं धार्मिक जयकारों से गूंज उठा।
कथा के प्रथम दिवस कथावाचक पंडित फतहलाल जी महाराज ने भगवान गणपति की महिमा बताते हुए कहा कि किसी भी शुभ कार्य से पूर्व गणपति वंदना करने से सभी विघ्न दूर होते हैं और कार्य सफल होता है। कथा के दौरान भजन-कीर्तन एवं संगीतमय प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गणपति वंदना के पश्चात हिंता से पधारे कलाकारों एवं भजन मंडली का आयोजन समिति द्वारा पगड़ी एवं उपरणा ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालु देर रात तक कथा श्रवण कर धर्म लाभ लेते रहे।
कार्यक्रम में प्रथम दिवस गोविन्द श्याम नगरी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई। मंच संचालन भानू कुमार औदिच्य द्वारा किया गया। कथा महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में विशेष उत्साह एवं धार्मिक माहौल बना हुआ है।
