रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल
झाड़ोल | भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार 11 मई को उदयपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है। संगठन की ओर से कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष सुबह 10 बजे ऋषभदेव में आयोजित “ग्राम रथ चौपाल” कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे झाड़ोल पहुंचकर विधानसभा स्तरीय बूथ सम्मेलन में भाग लेंगे। झाड़ोल स्थित मेवाड़ हेरिटेज होटल में उनके स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं।
दौरे को लेकर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबू लाल खराड़ी, संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा, देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली एवं पूर्व देहात जिलाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार सहित भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
भाजपा नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के कारण आमजन में सकारात्मक माहौल है। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर गांव-गांव जनसंपर्क किया जा रहा है तथा स्वागत, सुरक्षा, पार्किंग और बैठक व्यवस्था के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा संगठन को नई मजबूती देने के साथ आगामी राजनीतिक गतिविधियों में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
