नर्सेज अस्पताल की रीढ़ की हड्डी, सेवा और समर्पण से बचती हैं जिंदगी : जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी
Total Views : 193
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू) झाड़ोल

अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस पर उदयपुर में भव्य आयोजन, 1200 से अधिक नर्सिंग ऑफिसर और स्टूडेंट्स रहे मौजूद

उदयपुर। अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर राजस्थान नर्सिंग एसोसिएशन उदयपुर शहर की ओर से न्यू ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष प्रवीण चरपोटा के नेतृत्व में हुआ, जिसमें 1200 से अधिक नर्सिंग ऑफिसर एवं नर्सिंग स्टूडेंट्स ने भाग लिया। ऑडिटोरियम पूरी तरह खचाखच भरा रहा और कई लोगों को जगह नहीं मिलने पर खड़े रहकर कार्यक्रम देखना पड़ा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने नर्सिंग सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि “नर्सेज अस्पताल की रीढ़ की हड्डी हैं। मरीजों के साथ सबसे अधिक समय नर्सेज बिताती हैं और उनकी पीड़ा को सबसे बेहतर ढंग से समझती हैं। सेवा, समर्पण, सहानुभूति और आत्मीय व्यवहार ही नर्सिंग का वास्तविक स्वरूप है।”

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद मन्नालाल रावत ने सिकल सेल एनीमिया को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार के विज़न पर प्रकाश डालते हुए जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। वहीं पद्मश्री डॉ. यशदी इटालिया ने सिकल सेल एनीमिया विषय पर अपने अनुभव साझा किए।

सम्भागीय अध्यक्ष नरेश पूर्बिया ने बताया कि कार्यक्रम में “सतत नर्सिंग शिक्षा” के तहत सिकल सेल एनीमिया विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। साथ ही ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता भी रखी गई, जिसमें सैकड़ों नर्सिंग ऑफिसर और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों द्वारा फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं मोमबत्ती प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान सचिव अभिषेक शर्मा, ललित किशोर पारगी, मुकेश मेघवाल, लोकेश आहरी एवं दीपक मेघवाल ने अतिथियों का उपरणा, पगड़ी एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट नर्सिंग सेवाओं के लिए 100 से अधिक सीनियर नर्सिंग ऑफिसर, नर्सिंग ऑफिसर एवं नर्सिंग स्टूडेंट्स को स्मृति चिन्ह और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नवनियुक्त कार्यवाहक नर्सिंग अधीक्षक चंद्र प्रकाश सिसोदिया एवं विश्वेश्वर त्रिवेदी का भी विशेष स्वागत किया गया।

सांसद मन्नालाल रावत ने कार्यक्रम के दौरान राजस्थान नर्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण भी करवाया। कार्यक्रम के अंत में मशाल प्रज्ज्वलन कार्यक्रम ने माहौल को और भव्य बना दिया तथा पूरे आयोजन में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर नर्सिंग अधीक्षक बिना चौधरी, सत्य प्रभा, भगवान सिंह गहलोत, रतनलाल सोलंकी, जितेंद्र भटनागर, ओमप्रकाश सिसोदिया, डॉ. रणजीत बेरवा, मिनाक्षी व्यास सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रफुल्ल गांधी, मनीष भनात, शर्मिला माली एवं भावना जैन ने किया।