रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू), झाड़ोल
फलासिया/झाड़ोल। कोल्यारी क्षेत्र में हुई 55 लाख रुपये की चर्चित चोरी के मामले में फलासिया पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे एक और वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई की सबसे अहम कड़ी हाईवे मोबाइल के कांस्टेबल पप्पू कुमार की सटीक मुखबिर सूचना रही, जिसके आधार पर पुलिस ने जंगल में दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।
उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल एवं वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान हाईवे मोबाइल में तैनात कांस्टेबल पप्पू कुमार को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी प्रकाश पुत्र वीरजी उर्फ वीरचंद वडेरा रायता के जंगलों में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रायता के जंगलों में घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपी से चोरी गए माल की बरामदगी तथा मामले में शामिल अन्य बदमाशों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल शेष आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। इस कार्रवाई को फलासिया पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
सीताराम, थानाधिकारी फलासिया
चन्द्रूलाल, सहायक उपनिरीक्षक
दिनेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक, थाना झाड़ोल
मोटाराम, कांस्टेबल
बंशीलाल, कांस्टेबल
विनोद, कांस्टेबल
जशोदा, महिला कांस्टेबल
भुराराम, कांस्टेबल, थाना झाड़ोल
पप्पू कुमार, हाईवे मोबाइल (विशेष भूमिका)
