एनपी न्यूज 24/ राहुल भुरिया, बांसवाड़ा
बांसवाड़ा, 17 जून। ट्राइबल केयर सेवा संस्थान (टीसीएस) बांसवाड़ा द्वारा बुधवार को टीएडी सभागार में आयोजित जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह–2026 शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी संगम बन गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 300 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया, वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 14 प्रतिभाओं को “आदिवासी गौरव एवं प्रेरणा पुरस्कार–2026” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर, भगवान बिरसा मुंडा, गोविंद गुरु, वीर बाला कालीबाई, महाराणा प्रताप एवं पूंजा भील के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय ने महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के प्रारंभ में आंचल आर्य ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मधुर प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय और प्रेरणादायी बना दिया।
समारोह में पंजीयन व्यवस्था की जिम्मेदारी डॉ. गौरव पारगी, राजेश डामोर, नाकुराम निनामा, गोविन्द निनामा, देवजी निनामा एवं कृपाशंकर कटारा ने सफलतापूर्वक निभाई। वहीं अतिथियों के स्वागत एवं आतिथ्य की व्यवस्था हितेश कटारा, महेंद्र वडेरा, सुभाषचंद्र डामोर, मणिलाल डामोर, कैलाश चंद्र पारगी, सुषमा वडेरा, राधा डामोर एवं उनकी टीम ने संभाली।
संस्थान के सदस्य राहुल पारगी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए टीसीएस संस्थान की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी तथा शिक्षा को समाज के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नुकेश भगोरा (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बालोतरा) रहे। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मानसी डिंडोर (तहसीलदार) उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में रेखा रोत (सीबीईओ, बागीदौरा), रूपजी बारिया (सीबीईओ, सज्जनगढ़), अरुणा डिंडोर (उपायुक्त, टीएडी), जीतमल पणदा (सेवानिवृत्त डीईओ) एवं डॉ. दिनेश भाभोर (आरसीएचओ, बांसवाड़ा) शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश चन्द्र वडेरा (उपखंड अधिकारी, सागवाड़ा) ने की।
इस अवसर पर जमनालाल खराड़ी, लालशंकर बरजोड़, मोहनलाल पटेल, विनोद निनामा, कालूराम खाट, सुमित्रा बामनिया, कन्हैयालाल मकवाणा, डॉ. गणेश कटारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह में डॉ. जयदीपराज डामोर, जयंतिलाल पारगी, अर्जुन भाई पारगी, अंजली दायमा, ममता मीणा, प्रवीण डोडियार, वकीलराज डिंडोर, डॉ. दीपक निनामा, ललित किशोर पारगी, कमलेश निनामा, भरत पटेल, वालजी अड़ एवं कालू सर ने विद्यार्थियों को अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण साहित्यकार एवं लोक कलाकार मुकेश पारगी तथा अर्जुन भाई पारगी द्वारा प्रस्तुत वागड़ी लोकगीत रहे। उनकी प्रस्तुतियों ने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं लोक जीवन की समृद्ध विरासत को जीवंत कर उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जिलाध्यक्ष दिनेश मकवाना ने संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताते हुए युवाओं को आगे आने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान सभी भामाशाहों, सहयोगकर्ताओं एवं संस्थान के सदस्यों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में जिला कोषाध्यक्ष दिनेश चन्द्र कटारा ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन कैलाश चरपोटा एवं राकेश पटेल ने किया। समारोह के सफल आयोजन में टीसीएस संस्थान के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह जानकारी मीडिया प्रभारी गोविंद निनामा ने दी।
