विद्यालय परिसर में ही तीन कक्ष और डोम बनाने की मांग, चेतावनी- मांग नहीं मानी तो होगा आंदोलन
Total Views : 347
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क

स्कूल से 3 किलोमीटर दूर भवन निर्माण का विरोध, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

झाड़ोल (उदयपुर)। ग्राम पंचायत नेताजी का बारा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वीकृत तीन कक्ष एवं एक डोम निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर विद्यालय परिसर से लगभग 2 से 3 किलोमीटर दूर प्रस्तावित निर्माण का विरोध जताया। ग्रामीणों ने मांग की कि निर्माण कार्य नियमानुसार विद्यालय परिसर में उपलब्ध भूमि पर ही कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि नेताजी का बारा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वर्ष 1955 से संचालित हो रहा है और वर्तमान भवन मुख्य सड़क के समीप स्थित होने के कारण आसपास के सभी गांवों के विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक है। हाल ही में राज्य सरकार ने विद्यालय के लिए तीन अतिरिक्त कक्ष और एक डोम स्वीकृत किए हैं, जिनका निर्माण नियमानुसार विद्यालय परिसर या उससे सटी सरकारी भूमि पर होना चाहिए।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत प्रशासन विद्यालय से करीब 2 से 3 किलोमीटर दूर सुनसान स्थान पर निर्माण कराने की तैयारी कर रहा है। उनका कहना है कि इससे विद्यार्थियों को रोजाना लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, सुरक्षा संबंधी खतरे बढ़ेंगे और सरकारी धन का भी उचित उपयोग नहीं हो पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों के विरोध के बावजूद निर्माण स्थल पर नींव खुदाई का कार्य भी शुरू करा दिया गया।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय से करीब 200 मीटर दूरी पर स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी खातेदारी भूमि विद्यालय के नाम समर्पित कर रखी है, जहां आसानी से नए कक्ष और डोम का निर्माण कराया जा सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण विद्यालय परिसर या उसके निकट उपलब्ध भूमि पर किया जाता है तो सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित निर्माण कार्य को तत्काल वर्तमान स्थान पर रोककर विद्यालय परिसर अथवा विद्यालय के निकट उपलब्ध भूमि पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समस्त ग्रामवासी आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन पर ग्राम पंचायत नेताजी का बारा के अनेक ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित निर्णय लेने की मांग की है।