नवोदय में फिर रिकॉर्ड की तैयारी: फलासिया ब्लॉक के 6 केंद्रों पर होगी परीक्षा, सर्वाधिक आवेदन कराने का लक्ष्य
Total Views : 153
Zoom In Zoom Out Read Later Print

फलासिया। पवन लोहार

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा को लेकर फलासिया ब्लॉक में तैयारियां तेज हो गई हैं। हर वर्ष सर्वाधिक आवेदन कराने वाले ब्लॉक के रूप में पहचान बना चुके फलासिया में इस बार भी रिकॉर्ड आवेदन कराने का लक्ष्य रखा गया है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित है।


इस बार फलासिया ब्लॉक में 6 परीक्षा केंद्रों पर जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा आयोजित होगी। पिछले कई वर्षों से फलासिया ब्लॉक लगातार सर्वाधिक आवेदन कराने वाला ब्लॉक रहा है। इसी उपलब्धि को देखते हुए भारत सरकार ने फलासिया में नए जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना की घोषणा कर दी है। विद्यालय के लिए भूमि का चयन भी किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को भविष्य में गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का लाभ मिलेगा।


फलासिया सीबीईओ कार्यालय की ओर से ब्लॉक के 202 राजकीय एवं 25 निजी विद्यालयों के संस्था प्रधानों को पात्र विद्यार्थियों के अधिकतम आवेदन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। सीबीईओ लालूराम गरासिया, एसीबीईओ बसंती लाल जोशी एवं जयदीप कोठारी ने सभी संस्था प्रधानों को आवेदन प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का आवेदन समय पर करवाने के निर्देश दिए हैं। कार्यालय स्तर पर भी इसकी प्रभावी निगरानी लगातार की जा रही है।


अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि सभी विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने अभिभावकों एवं पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि अंतिम तिथि 31 जुलाई से पहले अपना आवेदन अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी इस सुनहरे अवसर से वंचित न रहे।


फलासिया ब्लॉक का लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल क्षेत्र की शैक्षणिक जागरूकता का प्रमाण है, बल्कि यही उपलब्धि क्षेत्र में नए नवोदय विद्यालय की सौगात मिलने का भी प्रमुख आधार बनी है।