6 माह से बंद वृद्धावस्था पेंशन शिविर में ही शुरू, ग्रामीण सेवा शिविर में 22 विभागों ने दी योजनाओं का लाभ
Total Views : 22
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

फलासिया। पंचायत समिति फलासिया की ग्राम पंचायत देवदावास में बुधवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर–2026 आमजन के लिए राहत और समाधान का केंद्र बना। शिविर में 22 विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा मौके पर ही अनेक प्रकरणों का निस्तारण किया। सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि छह माह से बंद वृद्धावस्था पेंशन को पुनः शुरू कराना रही, जिससे लाभार्थी ने राहत की सांस ली और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

ग्रामीण सेवा शिविर प्रभारी तहसीलदार नारायण सुधार तथा पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के सहायक विकास अधिकारी बाबूलाल महेरिया के नेतृत्व में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के साथ ही नए आवेदन भी स्वीकार किए गए।

शिविर के दौरान राजस्व विभाग के नामांतरण, सीमाज्ञान एवं आपसी सहमति के प्रकरणों का निस्तारण किया गया। महिला अधिकारिता विभाग ने लाडो प्रोत्साहन योजना, कालीबाई भील संबल उड़ान योजना, पलनहार योजना, महिला सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अनुदान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181 तथा शिक्षा सेतु योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

जाति प्रमाण पत्र के 10, पंचायतीराज विभाग के 10, जॉब कार्ड के 2, जन्म प्रमाण पत्र के 2, पेंशन के 2, विवाह पंजीयन के 7, स्वास्थ्य विभाग के 3, आयोजन विभाग के 2, परिवहन विभाग के 8 परमिट, आयुर्वेद विभाग के 10, समाज कल्याण विभाग के 5, वन विभाग द्वारा 10 पौधों का वितरण, पंचबड़ी के दो रास्तों के मरम्मत संबंधी प्रकरण, पंचबड़ी विद्यालय के तीन उपयुक्त रिपेयर कार्य, 7 नए जॉब कार्ड, भारतीय स्टेट बैंक के 2 खाते, ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 4 तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 7 प्रकरणों सहित अन्य विभागों के मामलों का भी मौके पर निस्तारण किया गया।

शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने की अपील की। ग्रामीणों ने भी शिविर की व्यवस्था और मौके पर समस्याओं के समाधान की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया।

इस अवसर पर प्रशासक मोतीलाल गरासिया, समाजसेवी गोविंद सिंह झाला, अरविंद खराड़ी, कमलेश कटारा, समस्त वार्ड पंच, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।